स्टेशन परिसर से भले ही ऑटो रिक्शा चालकों को बाहर कर दिया गया है, पर अब
चालकों ने परिसर के गेट को ही अपना ठिकाना बना लिया है। चालकों द्वारा गेट
के बाहर सड़क पर बेतरतीब ढंग से आटो खड़े करने से यात्रियों को प्लेटफार्म
तक पहुंचने में परेशानी उठानी पड़ रही है।
रेलवे
स्टेशन परिसर में हर वक्त जाम लगा रहने की समस्या को दूर करने तथा
प्लेटफार्म के सौंदर्यीकरण को रेलवे द्वारा परिसर को वनवे कर दिया गया है।
सरकुलेटिंग एरिया में डिवाइडर बना दिए गए हैं और परिसर में भी टाइल्स लगाए
गए हैं। सरकुलेटिंग एरिया में अभी काम कराया जा रहा है।
ऐसे में प्लेटफार्म
तक आटो रिक्शा व वाहनों को जाने पर रोक लगा दी गई है और सभी को सरकुलेटिंग
एरिया के गेट तक ही सीमित कर दिया गया। अब आटो रिक्शा चालकों ने भी गेट के
बाहर मनमानी शुरू कर दी है। गेट के बाहर सड़क पर आटो बड़े ही बेतरतीब
ढंग से खड़े कर दिए जाते हैं, ऐसे में स्टेशन तक आने जाने में लोगों को
परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गेट के बाहर वाहनों के बेतरतीब ढंग से
खड़े होने से हर वक्त जाम की समस्या भी उत्पन्न रहती है। वहीं रेलवेगंज में
बड़े वाहनों पर भी रोक नहीं लगी है। नो-इंट्री के बावजूद बड़े वाहन व्यस्त
बाजार में आ जाते हैं, जिससे भी जाम की स्थिति पैदा होती है, पर
जिम्मेदारों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।