रुपापुर में चोरों द्वारा तोड़ गया लिंटर देखता पुलिसकर्मी। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। रूपापुर पुलिस चौकी से चंद कदम दूर शनिवार रात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया। लेंटर तोड़कर दुकानों से हजारों का माल चुरा ले गए।
पाली थाना क्षेत्र में रूपापुर चौराहे से कुछ दूर तिमिरपुर निवासी नरेंद्र की बोरिंग मैटेरियल की दुकान है। पास में ही हुल्लापर निवासी अनिल का जनसेवा केंद्र और बलवीर की बीज भंडार की दुकान है। शनिवार रात चोरों ने तीनों दुकानों को निशाना बनाया। जीने से छत पर चढ़कर चोरों ने नरेंद्र की दुकान का लेंटर तोड़कर कॉपर के तार का बंडल व अन्य सामान पार कर दिया। यहीं से दीवार तोड़कर अनिल की दुकान से आठ हजार रुपये और फिर दीवार तोड़कर बलवीर की दुकान से नकदी और सामान उठा ले गए।
रविवार सुबह मौके पर पहुंचे दुकानदारों ने लेंटर और दीवार टूटी देखी तो उनकेहोश उड़ गए। चौकी से चंद कदम दूर हुई वारदात से दुकानदारों में आक्रोश व्याप्त है। दुकानदारों ने पुलिस पर रात्रि गश्त में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की है। थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
दुकान में सेंध लगाई, शराब की पेटियां चोरी
कछौना। कस्बे में स्टेशन के पास स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में सेंध लगाकर चोरों ने शराब की पेटियां पार कर दीं।
कस्बा निवासी सर्वेश बाजपेई की रेलवे स्टेशन के पास शराब की दुकान है। शनिवार देर रात चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर शराब की पेटियां चुरा लीं। रविवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे सर्वेश ने सेंध देखी तो उसके होश उड़ गए। सर्वेश के शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार मौके पर आ गए। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सर्वेश के मुताबिक दुकान से चोरों ने लगभग 42 हजार रुपये की शराब चोरी की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।