पिहानी (हरदोई)। ईरान से जनवरी में भारत लौटा पिहानी के एक गांव का युवक मुंबई एयरपोर्ट पर कोरोना वायरस को लेकर एहतियातन की गई जांच में स्वस्थ पाया गया था। लेकिन जांच के बाद वह घर नहीं पहुंचा। इसका पता बुधवार को तब चला, जब मुंबई स्वास्थ्य विभाग के अलर्ट पर हरदोई स्वास्थ्य विभाग की टीम युवक व उसके परिवार की स्थिति जानने गांव पहुंची।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ईरान में रहता था। कोरोना वायरस फैलने के बाद जनवरी में वह भारत लौटा तो मुंबई एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एहतियातन उसे रोक लिया। युवक की जांच की गई जिसमें वह स्वस्थ मिला। उसे घर जाने की अनुमति दे दी गई थी। मुंबई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इसकी जानकारी लखनऊ मुख्यालय द्वारा हरदोई स्वास्थ्य महकमे को भेजी। मामला संज्ञान में आने पर बुधवार को संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए गठित टीम के प्रोजेक्ट अधिकारी डॉ. सीबी सिंह टीम व सीएचसी अधीक्षक डॉ. जितेंद्र श्रीवास्तव के साथ गांव पहुंचे और युवक के परिजनों से मुलाकात की। परिजनों ने बताया कि युवक भारत जरूर आया था, लेकिन वह घर नहीं आया। वह मुंबई में ही किसी परिचित के यहां रह रहा है। बताया कि उसकी पत्नी व बच्चे सीतापुर ससुराल में रहते हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. जितेंद्र श्रीवास्तव ने परिजनों को बताया कि युवक जब भी गांव आए उसकी जानकारी सीएचसी पर अवश्य दें।