कछौना (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र मेें संडीला-मल्लावां मार्ग पर सोमवार को दोपहर बेकाबू ट्रैक्टर ने बाइक सवार देवरानी और जेठानी को रौंद दिया, जबकि बाइक चालक युवक घायल हो गया। युवक को पुलिस ने बेहंदर सीएचसी में भर्ती कराया है। बाइक चला रहा युवक हेलमेट लगाए था।
उन्नाव के औरास थाने के ग्राम रामपुर खंजड़ी निवासी फूलकुमारी (35) सोमवार को माधौगंज थाना क्षेत्र के सहिजना गांव निवासी अपने बहनोई रामप्रताप के यहां होली मिलने बेटे सुनील के साथ बाइक से जा रही थीं।
साथ में देवरानी सरोजनी (28) भी थी। संडीला-मल्लावां मार्ग पर खजोहना गांव के पास पीछे से आए बेेकाबू ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मारते हुए तीनों को कुचल दिया।
हादसे में फूलकुमारी की मौके पर मौत हो गई, जबकि सरोजनी व सुनील घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को बेहंदर सीएचसी भिजवाया।
जहां डॉक्टरों ने सरोजनी की हालत नाजुक होने पर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। एंबुलेंस से ले जाते समय संडीला के पास उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।