माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा सामग्री पाने के
लिए विद्यालय संचालकों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। सामग्री पाने में
कार्यालय कर्मचारी और विद्यालय संचालक के बीच तू तू मैं मैं तक हो गई। देर
शाम तक सामग्री का वितरण जारी रहा।
ज्ञात हो कि जिले में माध्यमिक
शिक्षा परिषद से संबद्ध 521 स्कूल हैं। इनमें पंजीकृत 1.43 लाख
विद्यार्थियों की परीक्षा कराने को विभाग की ओर से 300 परीक्षा केंद्र बनाए
गए हैं। शुक्रवार से बोर्ड से प्राप्त परीक्षा सामग्री व विद्यार्थियों के
प्रवेश पत्र का वितरण शुरू हुआ।
बोर्ड परीक्षा की सामग्री पाने को डीआईओएस
कार्यालय में सुबह से ही स्कूल प्रधानाचार्य और उनके प्रतिनिधियों की भारी
भीड़ जमा हो गई। सामग्री पाने के लिए लंबी लाइन लग गई। विद्यालय संचालकों
को सामग्री पाने के लिए काफी समय तक लाइन में लगना पड़ा।
इस पर एक विद्यालय
संचालक सामग्री वितरण कर रहे लिपिक से अभद्र भाषा में बात करने लगे। उन्होंने
कर्मचारी को अपशब्द कहे और उसको वाहन से कुचलने तक की धमकी दे दी। मामला
गर्म होने पर वहां पर मौजूद अन्य स्कूल संचालकों और कर्मियों ने दोनों को
शांत किया।
विद्यालय सामग्री पाने के लिए डीआईओएस कार्यालय में देर शाम तक
संचालकों की भीड़ लगी रही। विद्यालय में प्रवेश पत्र पहुंच जाने के बाद
उनका वितरण शनिवार से शुरू कर दिया जाएगा। परीक्षा प्रभारी प्रदीप ने बताया
कि सामग्री का वितरण करने के लिए उसका अंकन करना पड़ता है। इससे समय लग
जाता है।