बेनीगंज। पंजीकरण और चिकित्सकों की उपस्थिति का प्रमाण पत्र न होने कारण सील किए गए अस्पताल की सील तोड़ देने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर संडीला सीएचसी अधीक्षक ने बालाजी नर्सिंग होम एंड मैटरनिटी सेंटर कोथावां के संचालक के खिलाफ बेनीगंज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
तहरीर में संडीला सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनोज सिंह ने बताया कि नौ अक्तूबर 2024 को बालाजी नर्सिंग होम एंड मैटरनिटी सेंटर कोथावां के बारे में शिकायत मिली थी। जांच में चिकित्सालय संचालित मिला था, लेकिन यहां मौजूद कर्मचारी आवश्यक प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं करा पाए थे।
नोटिस देकर 16 अक्तूबर 2024 को कार्यालय में बुलाया गया था। अस्पताल संचालक कार्यालय न आकर न्यायालय में चले गए। न्यायालय में चल रही कार्रवाई में विभाग की ओर से जरूरी पक्ष रखा जा रहा है। बीती 21 जून को मौके का निरीक्षण किया गया, तो यहां पूर्व में लगाई गई राजकीय सील टूटी मिली।
डॉ. मनोज सिंह ने बताया कि यह अपराध की श्रेणी में आता है। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट तहरीर के आधार पर दर्ज की गई है। जांच कर आगे कार्रवाई की जाएगी।