फोटो-27- जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में बोलतीं अध्यक्ष प्रेमावती साथ में मौजूद सीडीओ व अन्य। संवाद
फोटो-28- बोर्ड की बैठक मे अधिकारियों से जवाब तलब करते सदस्य सर्वेंद्र गुप्ता। संवाद
- जिला पंचायत बोर्ड की बैठक, राजस्व परिषद भेजा जाएगा प्रस्ताव
- एक राष्ट्र-एक चुनाव के समर्थन में भी प्रस्ताव पास
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। जिला पंचायत बोर्ड की मंगलवार को बैठक हुई। बैठक में विकास खंड भरावन की ग्राम पंचायत हाजीपुर का नाम सियारामपुर किए जाने का प्रस्ताव सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया। गांव का नाम बदले जाने का प्रस्ताव राजस्व परिषद को भेजा जाएगा। इसी के साथ एक राष्ट्र-एक चुनाव के समर्थन में भी प्रस्ताव पास हुआ।
सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक हुई। बैठक में गत बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई। शासन के पत्र पर ग्राम पंचायत हाजीपुर का नाम बदल कर सियारामपुर किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। जिसे सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया। सदस्य विधान परिषद अशोक अग्रवाल ने कहा कि गांव की कुल आबादी 1,118 है और 209 परिवार हैं। गांव में कोई मुस्लिम परिवार नहीं है।
सदस्यों ने क्षेत्र पंचायत शाहाबाद के 15 प्रस्तावों पर सदस्यों ने निर्णय लिया कि जिला पंचायत सदस्यों के प्रस्ताव पर निर्माण कार्य कराए जाते हैं। रुपये उपलब्ध होने पर अन्य कार्य कराए जाने के प्रस्ताव पर सहमति नहीं दी। प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया गया। निर्माण समिति की बैठक में कार्यवाही का अनुमोदन किया गया। पंचायतीराज समिति (2024-25) की बैठक के निर्णय के आदेश के क्रम में विकास खंड मल्लावां के गोसवा गांव में शारदा के मकान से मल्लावां संपर्क मार्ग तक जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुआ।
बैठक में हरपालपुर ब्लॉक प्रमुख अनोखेलाल, संजीव गुप्ता, रवि वर्मा, सर्वेंद्र कुमार गुप्ता, दीनदयाल वर्मा, नीलकमल, पूजा देवी, पुष्पा आदि जिला पंचायत सदस्य मौजूद रहे। सीडीओ सौम्या गुरूरानी, अपर मुख्य अधिकारी प्रदीप कुमार गुप्ता, एसडीओ वन अर्चना रावत, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता केकेराठौर, पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता राज कुमार मौर्या समेत जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
-
विद्युत, स्वास्थ्य और नलकूप विभाग के अधिकारी निशाने पर रहे
जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में सदस्यों के निशाने पर स्वास्थ्य, विद्युत और नलकूप विभाग के अधिकारी निशाने पर रहे। सदस्यों ने कहा कि बाबटमऊ सीएचसी पर वाह्य रोगी विभाग है। आकस्मिक स्वास्थ्य सेवाएं संचालित नहीं हो रही हैं गंज जलालाबाद पीएचसी पर चिकित्सकों की तैनाती नहीं है। विद्युत विभाग के अभियंताओं पर सदस्यों ने लोकल फाल्ट और अन्य शिकायतों के लिए किए जाने वाले फोन न रिसीव करने पर रोष जताया। सदस्यों ने कहा कि सरकारी नलकूप से खेतों की सिंचाई के लिए नलकूप आपरेटर प्रति किसान 100 रुपये की वसूली करते हैं। अधिशासी अभियंता मोबाइल ही रिसीव ही नहीं करते हैं। सदस्यों ने क्षेत्र पंचायतों के प्रस्ताव न लिए जाने की बात कही, कहा कि जब क्षेत्र पंचायत अपनी बैठक में न तो बुलाते हैं और न ही जिला पंचायत सदस्यों के प्रस्ताव शामिल करते हैं।