शहर में सड़क पर पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई की
जाएगी। इसके साथ ही बैंक और बड़े प्रतिष्ठानों के सामने वाहन खडे़ होने पर
नोटिस जारी की जाएगी। इसके साथ ही यातायात को कंट्रोल करने वाले होमगार्ड
अब महानगरों की भांति नए लुक में नजर आएंगे।
शहर में आए दिन लगने वाले
जाम और बढ़ रहे सड़क हादसों पर अंकुश लगाने को एसपी उमेश सिंह के निर्देशन
पर पुलिस विभाग की ओर से एएसपी बीसी दुबे के नेतृत्व में कवायद चल रही है।
सोमवार को सिनेमा चौराहे से लखनऊ चुंगी तक सड़क किनारे के अतिक्रमण को
हटवाया गया था और दोबारा अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी।
शहर में सड़क किनारे खड़े वाहनों से जाम की स्थिति न हो इसके लिए सभी बैंक
प्रबंधक और बड़े प्रतिष्ठानों के मालिकों को पुलिस नोटिस जारी करेगी और
सड़क पर आड़े तिरछे वाहन खड़े मिले तो संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी। साथ
ही सड़क पर पार्किंग करने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
इसके लिए नो
पार्किंग जोन बनाए जा रहे है। उधर, शहर में यातायात को सुचारु रखने को सड़क
पर अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की भी व्यवस्था की गई है। साथ ही
यातायात के नियंत्रण को होमगार्डों को महानगर की भांति नई ड्रेस मुहैया
कराकर प्रशिक्षित किया जा रहा है।
पुलिस की इस कवायद से शहर वासियों को जाम
से राहत मिलेगी। इस बाबत एएसपी बीसी दुबे ने बताया कि सड़क पर यातायात
व्यवस्था को सुचारु चलाने में सभी का सहयोग जरूरी है। व्यापारी वर्ग इस
कार्य में पुलिस विभाग का सहयोग करें।