शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की को शाहजहांपुर जिले का एक युवक रविवर को झांसा देकर बाइक से ले गया था। रास्ते में हादसा होने पर पहुंची शाहजहांपुर पुलिस देर रात लड़की को उसके घर छोड़ गई थी।
इसके बाद लड़की ने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। सोमवार को उसका शव फंदे से लटकता देख परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। लड़की की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
ग्रामीणों में चर्चा है कि प्रेम प्रसंग का खुलासा होने से शर्मिंदा होकर लड़की ने यह कदम उठाया है। क्षेत्र के उधरनपुर निवासी मजदूर जगदीश की बेटी दुर्गा (15) से शाहजहांपुर जिले के एसएम साउथ अलहापुर का मनीष एक साल से फोन पर बात कर रहा था।
रविवार शाम मनीष दुर्गा को झांसा देकर बाइक से अपने साथ ले गया। बताया जा रहा है कि शाहजहांपुर जिले के सेहरामऊ के पास मनीष की बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों घायल हो गए।
मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने पूछताछ की तो दुर्गा ने सब कुछ सच बता दिया। इसके बाद पुलिस रविवार रात करीब 11 बजे दुर्गा को उसके घर छोड़ गई। बेटी के घर पहुंचने पर परिजनों को मामले की जानकारी हुई। परिजनों के कुछ देर बात करने के बाद दुर्गा अपने कमरे में चली गई।
सोमवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजन ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा तो दुर्गा का शव दुपट्टे से पंखे के सहारे फंदे पर लटका मिला।
इस मामले में दुर्गा की मां ने आरोपी मनीष के खिलाफ नाबालिग बेटी को बहला फुसलाकर ले जाने व आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है। कोतवाली सुरेश कुमार मिश्रा के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।