हरदोई। जिले में पिहानी और मल्लावां दो नई तहसीलों के गठन का प्रस्ताव शासन में चार साल से लंबित है। योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल में जिले से बृजेश पाठक समेत तीन विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह मिलने से इस प्रस्ताव के मूर्त रूप लेने की आस जग गई है।
चार साल पहले तत्कालीन डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा के साथ हुई बैठक में अफसरों ने नई तहसीलों को लेकर खाका खींचा था। शासन से इस ओर से प्रस्ताव भी मांगा गया, लेकिन यह प्रस्ताव अभी हकीकत का रूप नहीं ले सका है।
नई प्रस्ताव वाली तहसीलों में मल्लावां भी शामिल था। बृजेश पाठक जिले के मल्लावां के ही मूल निवासी हैं। ऐसे में जिले के विकास को लेकर लोगों की निगाहें उनकी ओर लग गई हैं।
साथ ही नितिन अग्रवाल और रजनी तिवारी को भी मंत्री बनने से लोगों में सपने साकार होने की आस जगने लगी है। छह अगस्त 2017 को तत्कालीन डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा हरदोई दौरे पर आए थे।
उन्होंने अफसरों के साथ मीटिंग करने के साथ ही प्रेस कांफ्रेंस भी की थी। जिसमें तत्कालीन डीएम शुभ्रा सक्सेना ने 41 लाख से अधिक आबादी वाले हरदोई जनपद में दो नई तहसील सृजित किए जाने की आवश्यकता बताई थी।
इस पर डॉ. दिनेश शर्मा के निर्देश पर शासन को पिहानी एवं मल्लावां में नई तहसील सृजन करने का प्रस्ताव भेजा गया था। इसके बाद प्रस्ताव आदि भेजने का सिलसिला चलता रहा।
बाद में मामला यह ठंडे बस्ते में चला गया। अब प्रदेश में योगी 2.0 सरकार में डिप्टी सीएम बने बृजेश पाठक जिले के मूल निवासी हैं।
ऐसे में विकास कार्यों को लेकर नई उम्मीदें जगने लगी हैं। खास बात है कि उस समय प्रस्तावित की गई दोनों तहसीलों में मल्लावां, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक की जन्मस्थली है
संडीला के जिला बनने को भी लगे पंख
चार दशकों से अधिक समय से संडीला तहसील के जिला बनने के सपनों को अब प्रदेश में दोबारा योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में सरकार बनने और जिले के तीन लोगों के मंत्रिमंडल में जगह पाने से पंख लगने शुरू हो गए हैं।
जिला मुख्यालय से करीब 55 किमी दूर स्थित संडीला तहसील मुख्यालय नगर पालिका क्षेत्र है। जिस समय कन्नौज को जिला घोषित किया गया था, उसी समय संडीला को भी जिला घोषित करने की काफी संभावनाएं जताई गईं थीं।
तब से लेकर अभी तक हर विधानसभा चुनाव में यह मसला चुनावी मुद्दा ही रहा। अब जिले के बृजेश पाठक के उपमुख्यमंत्री बनने के साथ ही यहीं के नितिन अग्रवाल और रजनी तिवारी के मंत्री बनने से संडीला के जिला बनने की उम्मीद फिर से जाग गई है।
बोले विधायक, जल्द विकास कार्य शुरू होंगे
मल्लावां-बिलग्राम क्षेत्र से भाजपा विधायक आशीष सिंह आशू के प्रस्ताव पर मल्लावां को तहसील बनाने का प्रस्ताव जिला प्रशासन की ओर शासन को भेजा गया था।
इसी सीट से वह दोबारा विधायक चुने गए हैं और प्रदेश में फिर से योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में भाजपा की सरकार बन चुकी है। वह कहते हैं कि पिछले कार्यकाल में जो विकास कार्य नहीं हो सके, उन्हें पूरा कराने का प्रयास रहेगा।
उम्मीद है कि तहसील बनने की आस पूरी होगी। वह इस संबंध में प्रयास जारी रखेंगे।
संडीला विधायक बोली, पूरी होगी आस
संडीला विधानसभा सीट से पहली बार विधायक चुनी गईं अलका अर्कवंशी ने कहा कि जनता की आवाज ही भाजपा की आवाज होती है। चुनाव के दौरान उन्हें पता चला कि संडीला को जिला काफी समय पहले ही बन जाना चाहिए था।
आरोप लगाया कि संडीला क्षेत्र के एक स्थानीय नेता के कारण ऐसा नहीं हो सका, मगर प्रदेश में भाजपा की सरकार दोबारा बन चुकी है और क्षेत्रीय विधायक होने के नाते वह इस मामले को लेकर हर स्तर पर प्रयास करेंगी। जल्द ही क्षेत्रवासियों की मांग पूरी होगी।
राजस्व परिषद ने मांगा था विवरण
तत्कालीन डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन द्वारा शासन को भेजे गए नई तहसीलों के सृजन प्रस्ताव पर शासन की ओर से कार्रवाई शुरू हो गई थी।
इसके बाद आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद कार्यालय की ओर से जिले को वर्ष 2018 में भेजे गए पत्र में इस संबंध में मानचित्र एवं विवरण आदि मांगा गया था।
प्रस्तावित नई तहसीलों का सीमांकन एवं मानचित्र सहित आवश्यक विवरण मांगा गया था। इसके बाद प्रशासन की ओर सूचनाएं आदि भेजी गई थी। ऐसा माना जा रहा कि अब नई सरकार में इन प्रस्तावों को लेकर हलचल शुरू हो सकती है।