हरदोई। जिले में शासन की ओर से स्वीकृत डिजिटल लाइब्रेरी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए वरदान साबित होगी, मगर वह अभी तक फाइलों में ही कैद है। उसके धरातल पर न आने से युवाओं को उसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
शासन की ओर से माध्यमिक शिक्षा विभाग को डिजिटल लाइब्र्रेरी बनाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह लाइब्रेरी एक हजार वर्ग मीटर में बनाई जानी थी। लाइब्रेरी पूर्ण रूप से डिजिटल होगी। लाइब्रेरी के लिए विभाग की ओर से भूमि के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई थी। लाइब्रेरी का निर्माण जीआईसी परिसर में कराए जाने की कवायद चल रही थी। इसके लिए स्थान चयन को लेकर कवायद शुरू हुई थी। इस लाइब्रेरी के निर्माण में 12 से 15 करोड़ रुपये व्यय किए जाने हैं।
मगर डिजिटल लाइब्रेरी बनाने की प्रक्रिया अभी तक फाइलों में ही दौड़ रही है। उसका निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इससे युवाओं को लाइब्रेरी का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे सबसे अधिक नुकसान प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं को हो रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक बाल मुकुंद प्रसाद ने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी के लिए कमेटी को निर्णय लेना है। कमेटी के निर्णय के बाद ही इसके निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू होगी।