हरदोई। पचकोहरा से अहिरोरी मार्ग पर केहरमऊ के पास सई नदी पर पुल बनवाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को भाकियू अराजनैतिक के पदाधिकारियों ने विकास भवन में महापंचायत की व डीएम को संबोधित छह सूत्रीय ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
महापंचायत को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजबहादुर सिंह ने कहा कि सई नदी पर पुल बनवाए जाने को लेकर कई बार प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं लेकिन आज तक कोई निर्णय नहीं लिया गया। उधर, जनकपुर मजरा नीर में सफाई कर्मी अपनी ड्यूटी पर नहीं जा रहा है जिससे क्षेत्र में गंदगी बढ़ गई है। विकास खंड भरखनी में बरवन सवायजपुर रजबहा की सफाई हो चुकी है लेकिन पानी अभी तक नहीं छोड़ा गया है। किसान फसलों की सिंचाई पंपसेट से डीजल खर्च करके या सौ रुपए घंटे का किराया देकर कराने को विवश हैं।
उन्होंने कहा कि टड़ियावां हरिहरपुर आदि जगहों पर जलभराव से आवागमन बाधित हो रहा है। सड़क किनारे दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है। जिससे बरसात का पानी सड़क पर ही रोक दिया है। पानी की निकासी जल्द करवाई जाए। इसके अलावा गांवों में पशुओं का टीकाकरण करवाया जाए। इस दौरान किसानों ने डीएम को संबोधित छह सूत्रीय ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र मोहन को सौंपा। इस मौके पर सुरेश चंद्र अवस्थी, नन्हे, चंद्रिका प्रसाद, धीरू सिंह, प्रकाश चंद्र, श्रीराम, रामसुख रतीभान सिंह, ओंकारनाथ आदि मौजूद रहे।