हरदोई। उत्तर प्रदेश ग्राम्य विकास महापरिषद के आह्वान पर गुरुवार को ब्लाकों से लेकर मुख्यालय तक के जुड़े कर्मियों ने कार्य बहिष्कार रख अपना विरोध जताया। जिसके चलते विकास भवन सहित डीआरडीए सन्नाटे से जूझते रहे। वहीं, दूर दराज से आने वाले लोग भटकते दिखे।
13 तारीख से महापरिषद के बैनर तले ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारी और कर्मचारी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सांकेतिक धरना प्रदर्शन के साथ ही काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन भी किया जा चुका है। दो दिन पूर्व अधिकारियों व कर्मचारियों ने सामूहिक अवकाश भी किया था। तीन दिवसीय कार्य बहिष्कार गुरुवार से किया गया। जिसके चलते कर्मचारी तो कार्यालयों में कुर्सियों पर मौजूद रहे लेकिन टेबलों से फाइलें गायब दिखीं।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजकुमार कपिल ने बताया कि समस्त विकास खंडों में कार्य बहिष्कार हुआ। प्रांतीय महामंत्री राजेश त्रिपाठी ने बताया कि प्रांतीय नेतृत्व से जो कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं उनको सफल बनाना है। बताया कि 22 व 23 को भी कार्य बहिष्कार किया जाएगा। विकास खंड स्तर पर खंड विकास अधिकारी के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।