बघौली। थाना क्षेत्र के गांव से दो माह से लापता महिला की उसके पति ने हत्या कर शव एक बाग में फेंक दिया था। पुलिस के पूछताछ करने पर पति ने जुर्म कबूल किया।
आरोपी की निशानदेही से पुलिस ने बाग से कंकाल बरामद कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम अनवरखेेड़ा निवासी कालिंद्री (38) विगत दो माह पूर्व से लापता थी।
बेटे अमन ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस उनको ढूंढने का प्रयास कर रही थी, लेकिन कहीं से उसका सुराग नहीं मिल रहा था। कालिंद्री के मायके पक्ष के लोगों ने उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई।
जिसमें पति पर हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया था। एसपी ने घटना की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी थी। क्राइम ब्रांच की टीम ने हरकत में आकर पति श्रीराम से कड़ाई से पूछताछ की।
इसके बाद पति ने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पत्नी मायके जाने की जिद कर रही थी। जिसके चलते उसने हत्या कर दी।
आरोपी की निशानदेही से पुलिस ने रविवार को थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव स्थित आम के बाग में उसका कंकाल बरामद कर लिया। सीओ बघौली विकास जायसवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।