फोटो-02- गल्ला मंडी में उखड़ी सड़क। संवाद
फोटो-03- गल्ला मंडी में टूटी पुलिया। संवाद
- सड़क निर्माण सहित टूटी पुलियां दुरूस्त कराने को बना प्रस्ताव
- अधिकारियों ने प्रस्ताव पर लगाई मुहर टेंडर के बाद शुरू होंगे कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। शहर की नवीन गल्ला और फल मंडी की बदहाल होती दशा में कुछ सुधार होने उम्मीद जगी है। गल्ला और फल मंडी में करोड़ों रुपये के निर्माण और मरम्मत कार्य कराने के लिए प्रस्ताव पर मुहर लग गई है। टेंडर होने के बाद करीब 9.50 करोड़ रुपये के कार्य कराए जाएंगे।
शहर के लखनऊ मार्ग पर नवीन फल व सब्जी मंडी संचालित है। यहां 90 स्थायी दुकानें हैं और प्रतिदिन 255 आढ़ती व्यापार करते हैं। गल्ला मंडी में रोजाना 3 से 4 हजार व्यापारी व किसान आते हैं जबकि फल मंडी में पांच से छह हजार व्यापारियोंं के आते हैं।
जिले भर से किसान और व्यापारियों के आने के बाद भी मंडी में सुविधाओं का अभाव है। बेहतर साफ सफाई व्यवस्था न होने के साथ ही पीने के पानी के लिए भी पल्लेदार और व्यापारियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। मंडी के अंदर सड़क की स्थिति भी काफी दयनीय है। मंडी की बदहाल होती व्यवस्था में अब सुधार की उम्मीद जगी है। मंडी में विकास कार्य कराने के लिए करीब 9.50 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य के प्रस्ताव पारित हुए हैं।
इनमें मंडी के अंदर जाने की सड़क के निर्माण के साथ ही वाटर कूलर लगाने के लिए और फल मंडी में बाउंड्रीवाल के निर्माण कार्य कराने का प्रस्ताव पारित हो गया है। इसके अलावा क्षतिग्रस्त पुलियों के निर्माण, फल सब्जी मंडी में दुकानों की मरम्मत और रंगाई पुताई का काम कराया जाएगा।
कृषि उत्पादन मंडी समिति सभापति सुनील कुमार त्रिवेदी ने प्रस्ताव पर मुहर लगाकर काम कराने क निर्देश दिए हैं। मंडी सचिव ज्योति जौहरी ने बताया कि टेंडर के बाद कार्य कराए जाएंगे।