हरदोई। कई दिनों से चल रही बारिश गर्मी से निजात तो मिल गई है, लेकिन जलभराव ने परेशान कर दिया। मंगलवार रात को भी डेढ़ घंटे तक तेज बारिश हुई। इससे शहर में कई स्थानों पर सड़क और गलियों में पानी भर गया। लोगों को आने जाने में दिक्कतें उठानी पड़ी। बुधवार को भी दोपहर में भी बारिश हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हुई, वहीं शहर में बूंदाबांदी हुई।
झमाझम बारिश ने जगह-जगह जलभराव ने मुश्किलें खड़ी कर दीं। मंगलवार की रात को नौ बजे से करीब बारिश हुई और शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर पानी भर गया। गली-मोहल्ले भी जलमग्न हो गए। नाले-नालियां चोक होने से यह स्थिति बनी। डेढ़ घंटे तक पानी बरसता रहा, ऐसे में लोगों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दो घंटे बाद पानी कम हुआ तो लोगों को थोड़ी राहत मिल सकी, लेकिन उसके बाद कई स्थानों पर गंदगी के ढे़र होने से कीचड़ हो गया।
बुधवार की दोपहर को करीब 12 बजे काले घने बादल छा गए। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में सवा घंटे तक जोरदार बारिश हुई। वहीं शहर में सिर्फ बूंदाबांदी तक सीमित रहा। बादल पूरे दिन छाए रहे और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम वेधशाला प्रेक्षक आरसी वर्मा ने बताया कि अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस पर रहा। बारिश करीब 18 मिमी दर्ज की गई और आर्द्रता सुबह 97 प्रतिशत और शाम को 92 प्रतिशत रही।