हरदोई। लखनऊ-दिल्ली रेलवे ट्रैक के किनारे देहात कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात युवक का शव पड़ा मिला। जानकारी पर पहुंची जीआरपी की टीम ने शव कब्जे में ले लिया। पास मिले मोबाइल में लॉक होने के कारण कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बृहस्पतिवार सुबह मोबाइल पर मृतक के पिता का फोन आने पर घटना की जानकारी दी गई।
लखीमपुर खीरी के हैदराबाद थाना क्षेत्र के रामदीनपुर गांव निवासी मनोज कुमार खेती करते हैं। बताया कि उनके परिवार में पत्नी पिंकी, एक पुत्री श्वेता और दो बेटे हैं। बड़ी बेटी श्वेता लखनऊ में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही हैं। छोटा बेटा पीयूष वर्मा (21) भी उसी के साथ रहकर बीफार्मा की पढ़ाई कर रहा था। नौकरी के सिलसिले में वह बुधवार रात लखनऊ से हरदोई जाने के लिए निकला था। बृहस्पतिवार सुबह उसके नंबर पर कॉल की तो फोन जीआरपी के जिम्मेदारों ने रिसीव किया।
यहां पीयूष के रेलवे ट्रैक पर मिलने की जानकारी दी गई। इस पर परिजन आ गए। जीआरपी एसओ सुमित कुमार माथुर ने बताया कि युवक किस ट्रेन से गिरा है इसकी जानकारी नहीं हुई। ट्रैक की पेट्रोलिंग कर रहे गैंगमैन की टीम ने शव को देखकर सूचना दी। मोबाइल पर लॉक होने की वजह से रात में जानकारी नहीं दी जा सकी। सुबह पिता के फोन आने पर बताया गया।