फोटो-22- अवधेश कुमार। स्रोतः परिजन
- निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे में कर रहा था काम, खुदकुशी किए जाने की आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई (बिलग्राम)। निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे के सुपरवाइजर का शव सोमवार की सुबह तीन मंजिला इमारत के बाहर पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि उसने तीसरी मंजिल से कूदकर खुदखुशी की है। उसके साथियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया।
मथुरा जनपद के टिकरा थाना क्षेत्र के ग्राम नगला मोहर सिंह निवासी अवधेश चौधरी उर्फ भोला (24) गंगा एक्सप्रेस-वे की निर्माण इकाई में सुपरवाइजर थे। वह 15 मई को मध्य प्रदेश के श्यामगढ़ से मजदूरों की टीम के साथ यहां काम करने आए थे। वह नगर की गंगा धाम कॉलोनी की तीन मंजिला इमारत में अपने चार साथी कर्मचारियों के साथ रहते थे।
सोमवार की सुबह 5:30 बजे उसी इमारत के बाहर उनका शव खून से लथपथ पड़ा मिला। सुबह की सैर करने निकले लोगों ने शव देखकर उसके साथियों को सूचना दी। साथियों ने शव पड़ा देखा तो वह भी सकते में आ गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने परिजनों को भी सूचना दी। अवधेश के साथ काम करने वाले जितेंद्र ने बताया कि इससे पहले वह लोग मध्य प्रदेश में काम कर रहे थे। अवधेश अविवाहित था। सीओ आरपी सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में खुदकुशी किए जाने की आशंका साथियों ने जताई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।