फोटो-37-कार में लगे हूटर उतरवाते एसपी नीरज कुमार जादौन। स्रोत मीडिया सेल
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। लग्जरी कार में हूटर लगाकर चलना कथित किसान नेताओं के लिए मुसीबत बन गया। एसपी नीरज कुमार जादौन ने कार रुकवाकर दोनों हूटर उतरवा लिए। यातायात पुलिस को मौके पर बुलाकर कार सीज करा दी और दस हजार रुपये का चालान भी कर दिया। एसपी की इस कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
एसपी नीरज जादौन सोमवार को कार्यालय में जनसुनवाई के बाद लगभग तीन बजे अपने आवास जा रहे थे। रास्ते में तिकुनिया पार्क के पास एक लग्जरी कार दो हूटर लगाए जा रही थी। एसपी ने खुद ही उक्त कार को रुकवा लिया। एसपी ने बताया कि कार में भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) का बैनर पीछे के शीशे पर लगा था। इसमें सवार देहात कोतवाली क्षेत्र के सीतापुर रोड निवासी हर्ष कुमार ने खुद को संगठन का प्रदेश अध्यक्ष बताया। हूटर लगाए जाने पर एसपी ने नाराजगी जताई। यातायात निरीक्षक प्रमोद कुमार को मौके पर बुलाकर वाहन सीज कर दिया गया।