हरदोई। यातायात नियमों का पालन करके ही जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है। जीवन अनमोल है। हर व्यक्ति के साथ उसका पूरा परिवार जुड़ा होता है। खुद भी नियमों को जानें और अपने माता पिता व बड़े भाइयों को भी यातायात नियमों से अवगत कराएं। शनिवार को डाल सिंह मेमोरियल स्कूल में आयोजित यातायात गोष्ठी में मुख्य अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट गजेंद्र सिंह ने ये बात कही।
एआरटीओ दीपक शाह ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाएं काफी हद तक कम हो सकती हैं। उन्होंने बच्चों से यातायात नियमों पर सवाल भी पूछे। यातायात प्रभारी कमलेश कुमार ने बच्चों के साथ एक घंटे रहकर यातायात नियमों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बच्चों से कहा कि वह अभिभावकों को यातायात नियमों का पालन करना बताएं। हेलमेट लगाने, चौपहिया वाहन पर सीट बेल्ट बांधने, नशे में वाहन न चलाने, हमेशा सड़क पर बाएं चलने के प्रति ध्यान रखने का महत्व उन्हें बताएं। प्रबंधक अखिलेश सिंह ने आभार जताया। प्रधानाचार्या लक्ष्मी देवी, उप प्रबंधक मुकेश सिंह आशा, यातायात पुलिस के राजकुमार सिंह, विपुल सिंह व पुष्पेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।