हरदोई। पिहानी के सरौरा गांव में फूफा के यहां रहने वाले किशोर की लखनऊ के प्राइवेट अस्पताल में मंगलवार देर शाम मौत हो गई। परिजन शव गांव लाए। अलग रहने वाली मृतक की मां ने घटना के हालात पर संदेह जताया। पुलिस को सूचना दी।
मूलरूप से हरियावां थाना क्षेत्र के सधिनावां निवासी सूरज (17) पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सरौरा निवासी फूफा राजेश के साथ रहते थे। फूफा ने बताया कि सूरज के पिता मुकेश की 11 साल पहले मौत हो चुकी है। कुछ माह बाद सूरज की मां सुनीता सूरज को छोड़ कर चली गई थीं। राजेश सूरज और सूरज की दादी रजाना को घर ले आए थे। तब से दोनों उनके साथ रह रहे थे। सूरज बीमार रहते थे। इन दिनों लखनऊ के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती थे।
मंगलवार देर शाम सूरज की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन शव गांव ले आए। बुधवार को सुनीता को पुत्र की मौत की सूचना रिश्तेदारों से मिली। सुनीता ने घटना के हालात पर संदेह जताया। पुलिस को सूचना दी। सूरज अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। कोतवाल छोटेलाल ने बताया कि शव का पंचनामा भरवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।