बघौली थाना क्षेत्र के खेरबा गांव में शुक्रवार की शाम संदिग्ध हालात में किशोरी की मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोसियों पर टोटका करा देने से मौत होने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मेें लेकर पोस्टमार्टम कराया।
बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम खेरवा की स्नेहा (17) पुत्री स्व. रामखेलावन तीन बहनों में छोटी थी। मां रामवती के मुताबिक स्नेहा दो माह से बीमार चल रही थी। चिकित्सकों ने उसे एनीमिया का शिकार बताया था।
बताया कि शुक्रवार की देर शाम स्नेहा ने घर में दम तोड़ दिया। मां के मुताबिक पड़ोस में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। मृतक के परिजन उसके दरवाजे पर ताबीज रखकर अंतिम संस्कार करने गए थे।
इसी टोटके की वजह से तबीयत बिगड़ने से बेटी की मौत हो गई है। मृतका की मां की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शनिवार को पोस्टमार्टम कराया। एसओ जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि आरोप निराधार है। परिजनों के कहने पर पोस्टमार्टम कराया गया है।