कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मेंहदीपुर में शुक्रवार की शाम किशोरी का शव संदिग्ध हालात में घर के सामने पड़ी झोपड़ी में फंदे पर लटका मिला।
घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन बीमारी से आहत होकर खुदकुशी करने की बात कह रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शनिवार को पोस्टमार्टम कराया।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मेंहदीपुर निवासी प्रभुदयाल की छह बेटियों और चार बेटों में छोटी मालती (16) का शव शुक्रवार शाम घर के सामने पड़ी झोपड़ी में रस्सी के फंदे से लटका मिला। घटना के समय परिजन खेतों पर थे।
लौटने पर परिजन झोपड़ी के अंदर गए। यहां मालती का शव लटकता देख कोहराम मच गया। मृतका के पिता ने बताया कि मालती कई दिनों से पेट दर्द से परेशान थी।
इलाज के बाद भी दवा से राहत न मिलने पर उसने आत्महत्या कर ली। मृतका के पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शनिवार को पोस्टमार्टम कराया।
कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि परिजनों ने बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात बताई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।