फोटो- 15- मोहल्ला लोहानी में थर्मल स्क्रीनिंग करती डब्ल्यूएचओ और स्वास्थ्य विभाग की टीम। संवाद
- फोटो : HARDOI
पिहानी। कस्बे के मोहल्ला लोहानी निवासी मोहम्मद उमैर के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन की टीम ने पिहानी का निरीक्षण किया। विश्व स्वास्थ्य संगठन से जुड़े डॉ. सीएल पटेल ने कस्बे में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए किए जा रहे इंतजामों की जानकारी ली। कुल 6703 लोगों की निगरानी की जा रही है।
गाजियाबाद-दादरी जमात से 28 मार्च को पिहानी लौटे मोहम्मद उमैर में कोरोना की पुष्टि गत शुक्रवार को हुई थी। इसके बाद से ही पिहानी में कर्फ्यू जैसा माहौल है। लोहानी मोहल्ले के आसपास के पूरे इलाके में बैरिकेडिंग कर दी गई है और यहां रहने वाले लोगों का सर्वे किया जा रहा है।
डब्ल्यूएचओ के फील्ड क्वालिटी मॉनीटर अरविंद सिंह, धीरेंद्र शर्मा, इच्छाराम वर्मा, रविंद्र श्रीवास्तव, संजय और गौरव की निगरानी में सर्वे और थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के कंसलटेंट डॉ. सीएल पटेल मामले पर निगाह रखे हैं। छिपीटोला में कुछ स्थानों पर टड़ियावां के चिकित्सक डॉ. रामलखन गुप्ता को लोगों को समझाने के लिए संभ्रांत लोगों की मदद लेनी पड़ी। इसके बाद लोगों ने थर्मल स्क्रीनिंग व जांच कराई।