पिहानी में बाघ का सुराग लगाती पीलीभीत से आई टीम
- फोटो : HARDOI
पिहानी। एक खेत से दूसरे खेत में छलांगें मार रहे बाघ को पकड़ने के लिए अब टाइगर रिजर्व पीलीभीत से विशेषज्ञों की टीम पिहानी के हसैयामऊ क्षेत्र में पहुंच गई है। रविवार को टीम के सदस्य पंजों के निशान के आधार पर नई जगह पर पिंजड़ा लगाने की तैयारी में दिखे।
तीन दिन से हसैयामऊ व आसपास के खेतों में धमाचौकड़ी से दहशत फैलाने वाला बाघ शनिवार रात करौंधी गांव से निकल कर गन्ने के खेतों से होते हुए एक बाग में पहुंच गया।
रविवार सुबह वन विभाग की टीम ने बाग के आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन बाघ के बाग से बाहर निकलने के कोई पग चिह्न नहीं मिल रहे हैं। इस बीच टाइगर रिजर्व पीलीभीत से बाघ स्पेशलिस्ट प्रेम चंद व बाघ मित्र अतुल सिंह यहां पहुंच गए हैं। ऐसे मामलों के दोनों माहिरों ने बाघ के मादा होने से इनकार कर कहा कि यह नर बाघ है। अभी वह लोग उसकी स्थिति का अंदाजा कर रहे हैं। प्रयास होगा कि बाघ का फोटोग्राफ लें। इसके बाद उसका रुख भांप कर नए स्थान पर पिंजड़ा लगाया जाएगा।