बेंहदर खुर्द में गो संरक्षण केंद्र का जायजा लेती जांच टीम। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। बेंहदर विकास खंड की ग्राम पंचायत बेंहदर खुर्द में वृहद गो संरक्षण केंद्र के निर्माण में खामियों की जांच के लिए सीडीओ आकांक्षा राना ने दो सदस्यीय टीम गठित की है। टीम में उपनिदेशक कृषि और अधिशासी अभियंता जल निगम को रखा गया है। टीम ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
एक करोड़ 20 लाख रुपये से बेंहदर खुर्द में 200 मवेशियों की क्षमता वाला वृहद गो संरक्षण केंद्र बनवाया गया है। गुरुवार को ही बालामऊ विधायक रामपाल वर्मा ने इसका लोकार्पण किया था। शुक्रवार को संरक्षण केंद्र की चरही, हौद और फर्श चिटकी मिली थी। शनिवार को अमर उजाला ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी।
खबर को संज्ञान में लेकर मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा राना ने दो सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी। शनिवार को ही उपनिदेशक कृषि डॉ. नंदकिशोर और अधिशासी अभियंता जल निगम राकेश त्रिपाठी ने गो संरक्षण केंद्र पहुंचकर जांच की। रिपोर्ट सीडीओ को दी जाएगी।