हरदोई। गठित समिति ने गुरुवार से जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के अंकपत्रों व प्रमाण पत्रों की जांच शुरू कर दी। पहले दिन सात बा स्कूलों के 78 शिक्षक शिक्षिकाओं के प्रमाण पत्रों की जांच व उसका सत्यापन किया गया। जबकि अनुपस्थित रहे छह शिक्षक शिक्षिकाओं को आज नोटिस जारी की जाएगी।
निदेशक के निर्देश के बाद जिला स्तर पर अभिलेख चेक करने की योजना तैयार करते हुए समिति गठित की गई है। इस समिति को तीन दिनों में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार शिक्षक शिक्षिकाओं के प्रपत्रों की जांच की जानी है। जिसके अनुपालन में जिला समन्वयक बालिका शिक्षा अविनाश पांडे के नेतृत्व में कस्तूरबा विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के पूरे दिन अभिलेख जांचे जाएंगे। गुरुवार संडीला व सवायजपुर तहसील के स्कूलों के अभिलेख जांचे गए।
पहले दिन संडीला, बेंहदर, भरावन, कोथावां, कछौना, हरपालपुर व भरखनी बा स्कूल के स्टाफ के प्रमाण पत्रों को चेक किया गया। डीसी ने बताया कि पहले दिन 84 शिक्षक शिक्षिकाओं सहित समस्त स्टाफ को बुलाया गया था जिसमें से 78 शामिल हुए जबकि छह अनुपस्थित रहे। उनको शुक्रवार को कड़ी नोटिस जारी की जाएगी। जबकि एक रसोइया ने उसके प्रार्थना पत्र खोने का प्रार्थना पत्र दिया है।
हरदोई। शिक्षकों को हाईस्कूल व इंटर का अंकपत्र व प्रमाण पत्र, स्नातक का अंकपत्र, प्रशिक्षण का अंक पत्र व प्रमाण पत्र, टीईटी उत्तीर्ण अंकपत्र व प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, नियुक्ति पत्र के अलावा तीन पासपोर्ट साइज फोटो व साथ में एक नोटेरी का शपथ पत्र भी लगाना था। इसको तैयार करने में शिक्षक शिक्षिकाओं को कलक्ट्रेट तक के खूब चक्कर लगाने पड़े। फोटो व शपथ पत्र के लिए शिक्षक शिक्षिकाओं को कलक्ट्रेट तक की दौड़ लगानी पड़ी।
हरदोई। 12 जून को बिलग्राम व शाहाबाद तहसील के विद्यालयों के स्टाफ के अभिलेखों को चेक किया जाएगा। आज बिलग्राम, माधौगंज, मल्लावां, सांडी, शाहाबाद, बिलहरी, शाहाबाद नवीन, टोडरपुर व पिहानी बा स्कूल के शिक्षक शिक्षिकाओं के अभिलेख चेक होंगे।