शाहाबाद। चचेरे साले की शादी में शामिल होने ससुराल आए युवक ने शुक्रवार की रात घर के फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है।
थाना सुरसा के गांव दाऊदपुर निवासी आलोक (24) ने शुक्रवार की रात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मीरपुर गन्नू स्थित ससुराल में कमरे में साड़ी के फंदे से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव कब्जे में ले लिया। सूचना मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि आलोक के दो बच्चे हैं।
वह हरियाणा के रोहतक में पेंटिंग का कार्य करता था। नौ मई को पत्नी सविता और बच्चों के साथ बहन की शादी में गांव आया था। बताया कि लॉकडाउन के चलते वह काम पर वापस नहीं गया।
कोतवाली के मीरपुर गन्नू गांव में 23 मई को वह पत्नी के चचेरे भाई अमित की शादी में शामिल होने आया था। साले की शादी के बाद से वह पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल में ही था।
भाई अशोक ने ससुराल वालों पर हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। उधर ससुराल वालों ने बताया कि शुक्रवार की रात पत्नी सविता अपनी मां और बच्चों के साथ घर के बरामदे में लेटी थी, जबकि आलोक कमरे में सोया था।
देर रात उसने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगाकर जान दे दी। आलोक ने खुदकुशी क्यों की, उन्हें कोई जानकारी नहीं है। कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और तहरीर मिलने पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।