गांव बिजौली में शुक्रवार को सपा का प्रबुद्ध सम्मेलन हुआ। सपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व कैबिनेट मंत्री अभिषेक मिश्रा ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा जानती कि 2022 में सपा की सरकार बनने जा रही है। इसीलिए व्हाट्स एप व फेसबुक पर फर्जी तरीके से सपाइयों के बारे में झूठ प्रचारित कर लोगों को डराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य का वक्त लौटने वाला है। सबको एक सूत्र में पिरोकर सबको साथ लेकर चलना ही समाजवाद है। भाजपाई हिंदू-मुसलमान के नाम पर झगड़ा कराकर समाज को बांटने और चुनाव जीतने का षणयंत्र रचते हैं। इस बार भाजपा इसमें भी कामयाब नहीं होगी। कहा कि अतरौली में 100 शैया का अस्पताल, बदायूं-अलीगढ़ को जोड़ने वाला सांकरा का पुल, पाली व छर्रा के रोड सपा की सरकार में बने थे।
पूर्व जिलाध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि सपा की सरकार में गांव-गांव विकास हुआ था। आज विकास रुका हुआ है। प्रदेश में फिर से सपा की सरकार आने पर विकास गति पकड़ेगा। रत्नाकर पांडे ने कहा कि ब्राह्मणों को जान बूझकर सरकार निशाने पर ले रही है, क्योंकि 2007 में बसपा और 2017 में भाजपा की सरकार बनवा चुके ब्राह्मणों ने इस बार सपा की सरकार बनवाने का प्रण ले लिया है। सम्मेलन की अध्यक्षता रामजीलाल शर्मा, संचालन हऊआ चौधरी ने किया। संयोजक पूर्व विधायक वीरेश यादव रहे।
खुशी दुबे के नाम पर खेला ब्राह्मण कार्ड
सपा नेता अभिषेक मिश्रा खुशी दुबे के नाम पर ब्राह्मण कार्ड खेला। कहा कि विकास दुबे अपराधी था तो सजा उसे मिलनी चाहिए थी, लेकिन उसके परिवार की 18 साल की खुशी दुबे का क्या कसूर था जो उसे भी झूठे केस में जेल में डाल दिया गया। ब्राह्मण परिवारों को यातनाएं दी जा रही हैं थाने में जनेऊधारी ब्राह्मणों को अपमानित कराया जा रहा है। कहा कि सपा की सरकार बनने पर खुशी दुबे सहित हर प्रकरण की सीबीआई जांच होगी। सरकार बनने से पहले ही लखनऊ में भगवान परशुराम की 108 फीट ऊंची मूर्ति लगेगी और हर जिले में भगवान परशुराम का मंदिर बनवाएंगे।
2 का अंक मेरे लिए लकी, फिर जीतूंगा : वीरेश
पूर्व विधायक वीरेश यादव ने कहा कि दो का शब्द मेरे लिए सदा लकी रहा है। 2002, 2012 में वह विधायक बने थे इस बार 2022 में जनता ने फिर आशीर्वाद देने का मन लिया है। 1962 में उनके पिता स्व. बाबू सिंह यादव भी विधायक बने थे। 12 बार जिस परिवार को यहां की जनता ने विधायक बनाया वह सीएम और मंत्री तक बने लेकिन अतरौली का विकास नहीं कराया। वो बड़ा घर है वहां लोगों को मिलने के लिए लाइन में लगना पड़ता है लेकिन वह सदैव जनता के बीच रहते हैं।
अशोक सिंघल के गांव से सपा का चुनावी शंखनाद
विश्व हिंदू परिसद के नेता रहे अशोक सिंघल के गांव बिजौली से सपा ने 2022 का चुनावी शंखनाद किया है। खास बात यह कि सपा का प्रबुद्ध सम्मेलन का यह कार्यक्रम अशोक सिंघल के ही परिवार के भतीजे राजू सिंघल की देखरेख में हुआ। भगवान परशुराम की मूर्ति पर मुख्य अतिथि अभिषेक मिश्रा ने ब्राह्मणों द्वारा पढ़े मंत्रो के साथ दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
---
यह लोग रहे मौजूद
विस क्षेत्र अध्यक्ष बाबी शर्मा, हेवेंद्र सिंह हऊआ चौधरी, भगवान सहाय शर्मा, अज्जू इशहाक, पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन साजिदा बेगम, नीरज यादव, प्रभात उपाध्याय, मुजम्मिल अली, रंजीत चौधरी, महावीर प्रजापति, मुकेश माहेश्वरी, डॉ. संजय शर्मा, केके उपाध्याय, कपिल किशोर शर्मा, गगन शर्मा, मुकेश यादव, माधवेंद्र यादव, मुकेश भारती, जैद नंबरदार, फरहत चौहान, मो. सिद्दीक, मो. रहीस खान, अनिल शर्मा, ज्ञान सिंह प्रधान, योगेंद्र यादव, सुनील शर्मा, बृजेश शर्मा, बबलू होल्कर, महेश पाठक, गिरीश चौधरी, जयप्रकाश चौहान, जगपाल सिंह, रामगोपाल बघेल, मुंसिफ अली, चरन सिंह यादव मौजूद रहे।