मल्लावां। बिजली संकट से निपटने के लिए कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर एचसीएल फाउंडेशन की ओर से 24 किलोवॉट का सोलर प्लांट लगाया जाएगा। गुरुवार को फाउंडेशन के अधिकारियों व कर्मचारियों ने सीएचसी भवन का निरीक्षण कर स्थान चिह्नित किया।
ग्रामीण अंचलों में आए दिन किसी न किसी कारण से बिजली की आपूर्ति प्रभावित रहती है। ऐसे में आपूर्ति न मिलने पर सीएचसी के डॉक्टरों, कर्मचारियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इलाज में भी परेशानी आती है। अभी तक बिजली आपूर्ति न होने की स्थिति में सीएचसी में जनरेटर चलाकर स्वास्थ्य सेवाएं बहाल रखी जाती हैं, लेकिन जल्द ही अब इससे निजात मिलेगी।
यहां एचसीएल फाउंडेशन की ओर से सोलर प्लांट लगवाया जाएगा। एचसीएल फाउंडेशन के अंबुज कुमार व डॉ. रीता ने हैदराबाद की सोलर प्लांट लगाने वाली कंपनी के अधिकारियों के साथ सीएचसी भवन का निरीक्षण किया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद मिश्रा ने बताया कि सीएचसी में सोलर प्लांट लगाया जाएगा। इस दिशा में काम शुरू करा दिया गया है। सोलर प्लांट लगने पर काफी सहूलियत मिलेगी।