माधौगंज। बरहस रजबहा की पुलिया की आधी स्लैब मंगलवार को ढह गई। इससे बघौली-माधौगंज का आवागमन ठप हो गया। पुलिया की एक साइड की बची स्लैब से लोग छोटे वाहनों को जान जोखिम में डालकर निकाल रहे हैं। वहीं लोक निर्माण विभाग ने स्लैब गिर जाने वाले स्थान पर बैरिकेडिंग कराते हुए चेतावनी बोर्ड लगवाए हैं।
माधौगंज-बघौली मार्ग पर बरहस रजबहा की पिलखना के पास पुलिया की स्लैब बैठ गई। यह राहगीरों के लिए खतरा का कारण बन गई है। बची स्लैब से वाहन निकलने से कभी भी हादसा हो सकता है। पिलखना गांव के पास सड़क पर बनी पुलिया की स्लैब टूट जाने से आने-जाने में असुविधा हो रही है। वहीं सावन के महीने में सीतापुर, लखीमपुर, नैमिषारण्य, प्रतापनगर, बघौली और उन्नाव, कन्नौज आदि आने-जाने का रास्ता ठप हो गया है। वहीं मेहंदी घाट पर गंगाजल लेने और वापस आने वाले कांवड़ियों को भी दिक्कतों का सामना करना होगा।
स्लैब ढह जाने के बाद बची स्लैब से यदि वाहनों का आवागमन होता रहा तो दूसरी तरफ की भी पुलिया ढह सकती है। सड़क पर बैरिकेडिंग करा दी गई है लेकिन वाहन अभी भी निकल रहे हैं जिससे किनारा भी टूट सकता है।
-
रोडवेज बस के दैनिक यात्रियों को होगी दिक्कतें
माधौगंज-बघौली मार्ग पर बरहस रजबहा की पुलिया की स्लैब ढह जाने से वाहनों का आवागमन ठप हो गया है। इससे इस मार्ग पर सुबह और शाम चलने वाली रोडवेज बस सेवा भी ठप हो गई है। इससे रोडवेज बस से प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना होगा। वहीं रोडवेज बस को अब नयागांव, गौसगंज होकर चलाया जाएगा। इससे बघौली और संडीला आदि जाने और आने वाले यात्रियों को अब अपने साधनों को जुटाना होगा।
-
मार्ग का चौड़ीकरण कराया गया है। करीब तीन मीटर चौड़ाई में सिंचाई विभाग के स्वामित्व वाली पुलिया की स्लैब ढही है। अब सिंचाई विभाग से इस पुलिया को विभाग के पक्ष में ले लिया है। इससे इस पुलिया को जल्द ही बनवाए जाने की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है ताकि लोगों को दिक्कतें न होने पाएं।
-आरके मौर्या, पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड दो