हरदोई। जिले में पुल बनवाए जाने के लिए मुख्यमंत्री ने खजाना खोल दिया है। विधानसभा क्षेत्र बिलग्राम-मल्लावां में चार और सवायजपुर में दो पुलों को बनवाए जाने के लिए 9.40 करोड़ रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इन पुलों के बन जाने से करीब डेढ़ लाख से अधिक आबादी को आवागमन में आसानी हो जाएगी।
शासन ने जिले में विभिन्न मार्गों पर पुल बनवाए जाने की स्वीकृति दी है। इससे बरसात के समय होने वाले जलभराव और मार्गों के ऊपर से निकलने वाले पानी के समय होने वाली परेशानी से लोगों को छुटकारा मिलने की उम्मीद है।
-
नया बंगला मार्ग पर बाण गांव के पास बनेगा पुल
बिलग्राम-नेकपुर-नेवादा से रामपुर मझियारा मार्ग से नया बंगला मार्ग पर बिरनी, घमोईया और बाण होते हुए जरेला, कटरी बिलुही और पुन्नापुरवा तक जाने वाले मार्ग पर बाण गांव के पास रपटा बना है। यहां पर मार्ग निचला और क्षतिग्रस्त भी है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है खासकर बरसात के समय गर्रा के पानी वापसी से दोनों तरफ जलभराव के कारण मार्ग के ऊपर से पानी बहने लगता है। यहां पर करीब 18 मीटर लंबाई में मार्ग निचला होने से ग्रामीणों को दो से तीन महीने तक आवागमन में परेशानी होती है। शासन ने यहां पर पांच गुणा चार मीटर के आरसीसी पुल बनवाए जाने की स्वीकृति दी है। पुल बनवाए जाने पर 1,39,21,000 रुपये की लागत आएगी।
-
पुल बन जाने से मल्लावां और गंगा एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ जाएंगे गांव
खैरुद्दीनपुर, बेरिया नजीरपुर, लोकईयापुरवा मार्ग से झरियनपुरवा होते हुए नेकपुर मार्ग के तीसरे किलोमीटर पर शासन ने आरसीसी छह गुणा पांच गुणा पांच मीटर का पुल बनवाया जाएगा। शासन ने इस काम के लिए 1,76,40,000 रुपये की स्वीकृति दी है। यह पुल बन जाने से झरियनपुरवा, नेकपुर, हीरालालपुरवा, कोडरमऊ, कोकटमऊ, अलियापुर, रामपुर, मंसूरनगर सहित आसपास गांव के लोगों को मल्लावां और गंगा एक्सप्रेसवे तक पहुंचना आसान हो जाएगा। किसानों को भी अपनी उपज माधौगंज मंडी ले जाने में आसानी होगी।
-
57.20 लाख रुपये से बनेगा लघु सेतु
बिलरायां-पनवारी राज्य राजमार्ग से निकलने वाले बाण संपर्क मार्ग पर बरसाती नाले पर सात मीटर चौड़ाई में लघु सेतु बनवाया जाएगा। शासन ने काम कराने के लिए 57.20 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। इसे करेहका, गुलाबपुरवा, मक्कपुरवा आदि गांवों के लोगों को आवागमन में आसानी होगी। वहीं हादसों की आशंका भी नहीं रहेगी।
-
काल्हामऊ से गौरा मार्ग पर बनेगा पुल
काल्हामऊ से गौरा संपर्क मार्ग पर डिंगारी नाले पर पांच गुणा तीन मीटर की आरसीसी पुलिया बनवाई जाएगी। इसकी लागत 99.43 लाख रुपये है। इसके बन जाने से काल्हामऊ, गौरा, बोचनपुर, गौसापुर, सेलापुर, ढेढ़नी सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में आसानी होगी।
-
लोक निर्माण विभाग के माध्यम से क्षेत्रीय जनता को होने वाली परेशानी के दृष्टिगत पुल बनवाए जाने के प्रस्ताव भिजवाए गए थे। मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया था। इस पर मुख्यमंत्री ने चार पुल बनवाए जाने की स्वीकृति दी है। -आशीष सिंह आशू, विधायक, बिलग्राम-मल्लावां
सवायजपुर में दो लघु सेतु बनवाए जाने को मंजूरी
विधानसभा क्षेत्र सवायजपुर क्षेत्र में 4,63,76,000 रुपये से दो लघु सेतु बनवाए जाने के लिए शासन ने मंजूरी दी है। इन पुलों के बन जाने से करीब 20 हजार से अधिक आबादी को लाभ मिलेगा। विकास खंड सांडी में नीलम नदी के पानी की वापसी के कारण बखरिया और विकास खंड भरखनी में मुड़रामऊ-ललुआपुर मार्ग पर गर्रई नाले पर पुल बनवाए जाएंगे। बखरिया में पुल बन जाने से बरसात के दौरान लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत की उम्मीद है। वहीं मुड़रामऊ-ललुआपुर मार्ग पर गर्रई नाले पर पुल बन जाने से मुड़रामऊ, ललुआपुर, रणधीरपुर, ख्वाजीगीपुर, मढ़ईया समेत आसपास के कई गांवों के लोगों और किसानों को आवागमन में सुविधा मिल सकेगी।
-
पुलों के बन जाने से ग्रामीणों को बाजार, विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने में आसानी हो जाएगी। किसान आसानी से कृषि उपज को बाजार तक ले जा सकेंगे। बरसात में नालों और जलधारा के कारण बाधित होने वाला आवागमन भी सुचारु हो सकेगा। -माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू, विधायक, सवायजपुर
-
जन समस्या का समाधान मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में है। जिले में बाढ़ व बरसात के समय होने वाली परेशानी के दृष्टिगत लोक निर्माण विभाग से सर्वे कराते हुए पुल-पुलिया की आवश्यकता को चिह्नित कराया गया। प्रस्तावों को शासन को भिजवाया गया था स्वीकृति मिल गई है। बरसात के बाद काम भी शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। -अनुनय झा, जिलाधिकारी