हरदोई। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की रिपोर्टिंग में स्वास्थ्य केंद्र बेहंदर और हरपालपुर की स्थिति खराब है। मुख्य विकास अधिकारी ने इस पर नाराजगी जाहिर की है। कई मानकों की स्थिति खराब होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर के अधीक्षक को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया है।
रविवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में शासी निकाय की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीडीओ सौम्या गुरूरानी स्वास्थ्य विभाग की योजना व कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली। कहा कि सरकारी अस्पतालों में संस्थागत प्रसव की संख्या बढ़ाई जाए। जननी सुरक्षा योजना में भुगतान लंबित रखा न जाए। मातृत्व मृत्यु दर की रिपोर्टिंग की व्यवस्था बेहतर बनाई जाए। पोषण पुनर्वास केंद्र पर सभी बेड पर बच्चों को भर्ती किया जाए। सुपोषित की श्रेणी में लाने के लिए गंभीर प्रयास करें। सीएमओ से कहा कि आभा आईडी बनाने के लिए गंभीरता से प्रयास करें। सभी चिकित्सकों की संजीवनी आईडी बनवाई जाए। जन आरोग्य समिति फंड से उपकरणों की खरीद और आरोग्य मंदिरों में विद्युत संयोजन सुनिश्चित कराएं। ई-कवच पर फीडिंग की प्रगति बढ़ाई जाए।
जिला टास्क फोर्स की बैठक में सीडीओ ने सभी विभाग को गतिविधियां समय से निर्धारित कर माइक्रोप्लान के अनुसार करने के निर्देश दिए। जन आरोग्य मंदिर में गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग भी की जाएगी। दस्तक अभियान में आशा व आंगनबाड़ी कार्यकार्ता घर-घर जाकर बुखार के मरीजों की जानकारी लेंगी। सीएमओ डॉ. रोहतास कुमार सहित अधिकारी मौजूद रहे।