फोटो-18-वेब सीरीज तेरे बिना का पोस्टर। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। कोरोना जैसी आपदा के बीच गाजियाबाद से हरदोई स्थित घर लौटे अपूर्व ने कभी परिस्थितियों से हार नहीं मानी। घर से दूर गाजियाबाद में में जॉब की तलाश कर रहे और हरदोई लौटने पर उन्होंने अपने गायकी के शौक में मुकाम हासिल करने की ठानी। अपने प्रयासों व हुनर के दम पर वे वेबसीरीज में तीन गाने गाकर धूम मचा चुके हैं और जिले में एक जाना-माना नाम हैं।
गाजियाबाद से बीटेक की डिग्री हासिल करने वाले जिले के आजाद नगर निवासी अपूर्व भास्कर कुछ ही दिनों में अपनी पहचान बनाने में सफल रहे। शिक्षक रहे स्व. सुनील भास्कर व माता नीलम के पुत्र अपूर्व बीटेक करने के बाद मेट्रो शहर में जॉब तलाश रहे थे लेकिन कोरोना काल ने उन्हें घर आने पर विवश कर दिया। बकौल अपूर्व जिले में भी आकर वह खाली नहीं बैठे। अपनी योग्यता के अनुसार घर बैठकर ही वह सीसीटीवी लगवाने का काम कर अपने खर्च चलाते रहे। इसी बीच उन्हें मौका मिला और वह अपनी गायकी के शौक को समय देने लगे।
उन्हें लॉकडाउन में चंपा वैद्या महापात्रा के द्वारा ऑनलाइन ग्रुप सांग गाने का मौका मिला। इसी गाने के बाद उन्होंने वेबसीरीज तेरे बिना में गाने के लिए ऑडीशन दिया और उसमें चयनित हो गए। उन्हें इस सीरीज में तीन गानों को आवाज देने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि तेरे बिना सीरीज में उनके द्वारा गाए गीत हंगामा एप, बूम ऑफ ऑफीसियल यू ट्यूब चैनल, हंगामा प्ले, सावन आदि एप पर रिलीज हो चुके हैं और धूम भी मचा रहे हैं। सीरीज फरवरी में रिलीज होगी। उन्होंने बताया कि एक हिंदी फिल्म में भी गाने के लिए ऑफर है। ऑडीशन जल्द होगा।
हरदोई। अपूर्व ने बताया कि वर्ष 2006 में जिले में हरदोई महोत्सव में उन्होंने श्रीशचंद्र पब्लिक स्कूल की ओर से गाना गया और प्रथम स्थान पाया। जिसके बाद उन्होंने प्रशिक्षक मनोज अग्रवाल से क्लासिकल भी सीखा।
हरदोई। अपूर्व ने बताया कि वह स्वयं एक सफल गायक बनना चाहते हैं और यहां की प्रतिभाएं जो जानकारी के अभाव में आगे नहीं बढ़ पातीं, उनके लिए भी मार्ग प्रशस्त करना चाहते हैं। उन्होंने जिले के युवाओं के लिए कहा कि दृढ़ संकल्प से बड़ा जीत का कोई दूसरा मंत्र नहीं हो सकता है।
फोटो-19-जिले के गायक कलाकार अपूर्व भास्कर। संवाद- फोटो : HARDOI