हरदोई। मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में रविवार को अंडरग्राउंड विद्युत केबल में शॉर्ट सर्किट होने से अफरातफरी मच गई। केबल से अचानक धुआं उठता देख सुरक्षा गार्डों ने स्थानीय कर्मचारियों को सूचित किया और विद्युत आपूर्ति बंद करवाई। इसके बाद केबल के चारों ओर अस्थायी बैरेकेडिंग की गई। गनीमत रही कि अवकाश होने के कारण परिसर में मरीज और तीमारदारों की भीड़ नहीं थी। ऐसे में एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
मेडिकल कॉलेज परिसर में बनी ओपीडी इमारत को विद्युत आपूर्ति देने के लिए अंडरग्राउंड केबल बिछाई गई हैं। यह केबल ट्रांसफार्मर से संबंधित विभाग तक ले जाई गई है। बता दें कि इस केबल को जमीन में सीमेंट से बंद करके रखा गया था, लेकिन लोगों के आने-जाने के कारण सीमेंट का कुछ हिस्सा टूट गया। चूंकि, परिसर में वाहन भी खड़े हो जाते हैं। संभवतः उसी की वजह से केबल भी कट गई। दो दिन से बारिश हो रही थी। ऐसे में केबल में पानी जाने से रविवार को शॉर्ट सर्किट हो गया।
अचानक शॉर्ट सर्किट से चिंगारियां निकलने लगीं और धुआं उठने लगा। परिसर में तैनात सुरक्षा गार्डों ने इसकी सूचना मेडिकल कॉलेज के विद्युत विभाग के कर्मचारियों को दी। उन्होंने विद्युत आपूर्ति बंद की, इसके बाद सुरक्षा गार्डों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए कटी हुई केबल के चारों ओर से अस्थायी बैरेकेडिंग की। गनीमत रही कि रविवार के कारण परिसर में सन्नाटा था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। मेडिकल कॉलेज प्रधानाचार्य डॉ. जेबी गोगोई ने बताया कि केबल को बदलने और उसे जमीन के नीचे करने के लिए निर्देशित कर दिया है।