हरदोई। शिक्षा मित्र पर अश्लील हरकतें करने का आरोप लगने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शनिवार को संबंधित विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। शिक्षा मित्र की सेवा समाप्ति किए जाने की बात बीएसए ने कही है।
साथ ही संबंधित विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। कछौना विकास खंड के एक कंपोजिट विद्यालय के छात्र ने शिक्षा मित्र पर अश्लील हरकत करनें का आरोप लगाया था। मामला संज्ञान में आने पर बीएसए डाॅ. अजीत सिंह शनिवार को विद्यालय पहुंचे। औचक निरीक्षण में मध्यान्ह भोजन पंजिका में एक दिसंबर के बाद से खाद्यान्न वितरण का ब्योरा ही दर्ज नहीं था।
उपस्थित पंजिका में भी चार दिसंबर के बाद से कोई ब्योरा नहीं भरा गया था। विद्यालय के सहायक अध्यापक बिना किसी सूचना के गैर हाजिर मिले। बीएसए ने बताया कि शिक्षामित्र पर लगे आरोपों की भी जांच की गई। शिक्षा मित्र की सेवा समाप्ति किए जाने की बात उन्होंने कही। साथ ही सहायक अध्यापक और इंचार्ज प्रधानाध्यापक से जवाब तलब भी किया गया है।