संडीला। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मलैया में ग्राम समाज की भूमि से घूरा हटवाए जाने से नाराज ग्रामीणों ने एसडीएम से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की।
ग्रामीणों ने कुछ लोगों पर भूमि पर कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाया है। मामला संज्ञान में आने पर एसडीएम मनोज कुमार श्रीवास्तव ने जांच कर कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सुखराम, कल्लू, छोटे, गोपाली, अमृतलाल, होरीलाल, दिनेश, गजोधर, मनोहर, रोशन, पाले, पंकज, मनोज कमला, पंकज, कमलेश, गौतम, हरिप्रसाद व शिवकुमार आदि ने एसडीएम मनोज कुमार श्रीवास्तव को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि शनिवार को गांव के ही कुछ लोगों ने राजनैतिक रंजिश के चलते उनके घर के पास लगे लगभग 25 घूरे जेसीबी से हटवा दिए।
वह लोग ग्राम समाज की इस भूमि पर लगभग 30 वर्षों से घूरा डालते आ रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी इस भूमि पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं। इसीलिए उनके घूरे हटवा दिए।
बताया कि उनकी सूचना पर शनिवार दोपहर मौके पर पहुंची यूपी 112 की टीम ने काम बंद करा दिया था, लेकिन पुलिस के जाने के बाद आरोपियों ने फिर से काम शुरू करा दिया। उन्होंने शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
एसडीएम मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। कोतवाली पुलिस को मौके पर जाकर जांच करने व अवैध रूप से चल रहे निर्माण कार्य को रुकवाने का आदेश दिया है।