हरदोई कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सुरसा को भविष्य में जिले का मॉडल बनाया जाएगा। सीडीओ स्तर से इसको लेकर वृहद कार्ययोजना बनाए जाने के लिए शिक्षा विभाग से जानकारी मांगी गई है।
जिले में 20 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं। इसमें दो हजार बालिकाएं अध्यनरत हैं। परियोजना स्तर से यहां शिक्षा की गुणवत्ता के संवर्धन को लगातार प्रयास किए जाते हैं। जिले के दो विद्यालयों में आवासीय हॉस्टल भी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें भी सुरसा बा स्कूल शामिल है। हॉस्टल के निर्माण की प्रक्रिया लगातार चल रही है। इधर, इन्हीं 20 बा स्कूलों में से एक को मॉडल बनाया जाएगा।
इसको लेकर शहर के समीप गुरगुज्जा में संचालित सुरसा बा स्कूल को चयनित किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने बताया कि सीडीओ निधि गुप्ता वत्स ने इस ओर सुरसा सहित सभी कस्तूरबा विद्यालयों की मौजूदा स्थितियों की पूरी जानकारी मांगी गई है। सुरसा को मॉडल बनाए जाने के लिए उन्हीं के स्तर से कार्ययोजना तैयार होगी व नवीन कार्य करवाएं जाएंगे। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को इस ओर निर्देशित कर दिया गया है।