फोटो-7-कौशलपुरी निवासी अंजू पांडे। संवाद
- फोटो : HARDOI
विधानसभा पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर बूथों पर लिए जा रहे आवेदनों में सवायजपुर के युवा सबसे तेज नजर आ रहे हैं। आठों विधानसभाओं से जहां अब तक मतदाता बनने के लिए 1648 ने फार्म छह भरे हैं तो इनमें 722 युवा शामिल रहे। खास बात यह रही कि आठों विधानसभाओं में सवायजपुर से सबसे अधिक 250 युवाओं ने फार्म छह भरकर मतदाता बनने की इच्छा जाहिर की है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बीएल भार्गव ने बताया कि विधानसभा चुनाव से पूर्व जिले भर में पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। बूथों पर युवा पहुंचकर बीएलओ से मिलकर फार्म छह भर रहे हैं तो वहीं बीएलओ भी घर-घर जाकर निर्धारित प्रपत्रों को लेकर आवेदन ले रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक दो विशेष शिविर भी लगाए जा चुके हैं। जिसमें 18 से 19 साल के युवाओं ने भी बढ़ चढ़कर मतदाता बनने की इच्छा जाहिर की है। सवायजपुर में कुल 524 ने फार्म छह भरे हैं जिनमें 250 युवा हैं। फार्म छह भरकर मतदाता बनने की इच्छा रखने वाले सवायजपुर विधानसभा सबसे आगे हैं।
इसी तरह शाहाबाद में कुल 195, हरदोई में 246, गोपामऊ में 223, सांडी में 233, बिलग्राम मल्लावां में 95, बालामऊ में 47 एवं संडीला में 85 की संख्या में फार्म छह भरे गए हैं।
जब तक शाहाबाद में 18 से 19 साल के फार्म छह भरने वालों में 65, हरदोई में 86, गोपामऊ में 83, सांडी में 116, बिलग्राम मल्लावां में 45, बालामऊ में 27 एवं संडीला में 50 युवा शामिल हैं।