अस्पताल चौराहे पर नेता जी सुभाष चंद्र बोस की
प्रतिमा लगाने की मांग को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में शिवसैनिकों का अनशन
छठे दिन मंगलवार को भी जारी रहा। पदाधिकारियों ने प्रशासन पर अनदेखी का
आरोप लगाते हुए कहा कि 15 जुलाई से आमरण अनशन किया जाएगा।
शिवसेना के
राज्य सचिव अवनीश श्रीवास्तव ने कहा कि इससे अधिक पीड़ा की बात क्या होगी
कि छह दिन से जायज मांगों को लेकर शिवसेना के पदाधिकारी व कार्यकर्ता अनशन
कर रहे हैं, पर उनकी मांगों को पूरा करना तो दूर उनकी बाताें को सुनने और
उस पर आश्वासन तक देने तक का किसी के पास कोई समय नहीं है।
ऐसे प्रशासन से
किस तरह की उम्मीद की जा सकती है, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। कहा कि
अबकी शिवसेना के पदाधिकारियों ने भी तय कर लिया कि जब तक उनकी मांगों को
पूरा नहीं कर दिया जाता तब उनका अनशन खत्म नहीं किया जाएगा वह जारी रहेगा।
अन्यथा की स्थिति में वृहद स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि
नेता जी को कोतवाली शहर पुलिस के बंधन से छुड़ाकर प्रशासन को तुरंत स्थापित
कराना चाहिए। कहा कि अब जिले में भयभीत करने की नीति नहीं चलेगी। उन्होंने
कहा कि शिवसेना अबकी आरपार की लड़ाई लड़ेगा। इस मौके पर राकेश दीक्षित,
राजन वर्मा, अजय प्रताप सिंह, रमेश चंद्र त्रिपाठी, ब्रह्म प्रकाश
अर्कवंशी, जगन्नाथ गौतम, रावेंद्र सिंह सोमवंशी, मूलचंद्र कुशवाहा, हर्षित
श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।