जिले के सबसे बड़ी ग्राम सभाओं में शामिल बावन की
समस्याओं को दृष्टिगत इसे नगर पंचायत कराने की मांग को लेकर आदिनाथ जानकी
सेवा समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलक्ट्रेट में
जोरदार प्रदर्शन किया तथा छह सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर कार्रवाई
की मांग की।
इस मौके पर समिति प्रभारी डा. रजनीश दीक्षित ने कहा कि
बावन में किसानों को दैवी आपदा में बर्बाद हुई फसल की मुआवजा राशि का वितरण
अब तक नहीं हो सका है। कहा कि ग्राम सभा में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे
होने के कारण जगह-जगह गंदगी होने से तथा सफाई न होने के कारण बरसात में
बीमारी होने की संभावना प्रबल हो गई है।
उन्होंने कहा कि यही नहीं सड़कें
जगह-जगह पर खुदी होने के कारण लोगाें का चलना और निकलना दूभर है। कहा कि
सड़कें पिछले काफी समय से खुदी पड़ी हैं, जिनके खड़ंजे तक गायब हो चुके
हैं। डा. रजनीश दीक्षित ने कहा कि बावन में सुरक्षा की दृष्टि से देखते
हुए बावन नहर पुल पर पुलिस बूथ स्थापित करने की संस्तुति करने की भी मांग
की गई।
इस दौरान समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन
करते हुए नारेबाजी भी की। इसके बाद जिलाधिकारी रमेश मिश्र को छह सूत्रीय
ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। दिए गए ज्ञापन में उक्त के अलावा बावन
को नगर पंचायत घोषित कराने की संस्तुति किए जाने, बिजली व्यवस्था को
दुरुस्त कराए जाने की मांगे भी शामिल हैं। इस दौरान रामस्वरूप, विभीषण
सिंह, गौरव अवस्थी, पुतान लाल, अनिल कुमार, कल्लू और कल्याण सिंह आदि मौजूद
थे।