हरदोई (ब्यूरो)। अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि 12 लोग घायल हो गए। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे। जिस कारण बाइक चालक के सिर में, हाथ व पैर में गंभीर चोटें आईं। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में नरहाई मोड़ पर शुक्रवार रात लगभग 10 बजे किसी वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। दोनों की मौके पर मौत हो गई। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने थे। सिर से अधिक खून बहने के कारण दोनों की मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस को मृतक के पास िमले ड्राइविंग लाइसेंस और मोबाइल मिला। उनकी शिनाख्त शाहजहांपुर के सेहरामऊ दक्षिणी निवासी राहुल (25) और सोनपाल (22) के रूप में शिनाख्त हुई।
पुलिस मोबाइल से मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी। कोतवाल विनोद कुमार ने बताय कि दोनों बासित नगर गांव से मुंडन संस्कार से लौट रहे थे। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के बूढ़ा गांव निवासी आकाश लाला (35) शुक्रवार को बाइक से पिहानी जा रहे थे। उनके साथ रिश्तेदार राजकुमार (40) भी थे। कु ल्वहारा गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार वैन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए।
बाइक चला रहे आकाश लाला हेलमेट नहीं लगाए थे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां पर हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे।
बघौली थाना क्षेत्र के पालपुर बैरागी खेड़ा निवासी गौरव (25) बाइक से कस्बे गया था। जहां से वापस लौटते समय रास्ते में टेंपो ने टक्कर मार दी। हादसे में उसके दाहिने हाथ व पैर जख्मी हो गए। वह हेलमेट नहीं लगाए था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे।
संडीला में हरदोई लखनऊ बार्डर के पास एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कई पलथे खाने के बाद सड़क के किनारे जाकर कार रुकी। जिससे कार सवार छह लोग घायल हो गए। यह लोग माल लखनऊ के निवासी बताए जा रहे हैं। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया।
संडीला में हरदोई रोड स्थित नई तहसील के सामने हरदलमऊ गांव की एक महिला अपने बच्चे के साथ सड़क पार कर रही थी। इसी बीच तेज रफ्तार से आ रहे एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे मां व बेटा दोनों घायल हो गए। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। उधर, लखनऊ रोड तिलोइयां खुर्द गांव के पास लोडर की टक्कर से बाइक सवार मडियांव लखनऊ निवासी निर्भय घायल हो गया। लोगों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया।