हरदोई। नानकगंज ग्रंट से सीतापुर रोड होते हुए पोखरी के पास पिहानी रोड को जोड़ने वाले खदरा मार्ग के सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण में तेजी आएगी।
दो लेन में मार्ग के बन जाने से लोगों के लिए यह मार्ग बाईपास के तौर पर काम में आएगा। रेलवे माल गोदाम भी इसी मार्ग से जुड़ता है। लखनऊ रोड पर शहर से करीब चार किलोमीटर पहले से निकलने वाले इस मार्ग के बन जाने से राहगीरों के साथ ही बड़े वाहनों को भी शहर के बाहर आवागमन में आसानी होगी। शासन ने मार्ग निर्माण के लिए 2.40 करोड़ रुपये और जारी कर दिए हैं, जिससे काम और तेजी आएगी।
एनएच-731 लखनऊ रोड पर नानकगंज ग्रंट से सीतापुर मार्ग और पिहानी मार्ग को जोड़ने वाले करीब 6.400 किलोमीटर लंबाई वाले इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण के काम को कराया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग की ओर से मार्ग पर काम कराया जा रहा है। शासन ने दो करोड़, 40 लाख रुपये जारी कर दिए हैं। इससे पहले सितंबर माह में शासन ने एक करोड़, 96 लाख, चार हजार, रुपये जारी किए थे। पहली किस्त में शासन ने मार्ग के सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण के लिए 13 करोड़, 77 लाख, 19 हजार रुपये की स्वीकृति के साथ ही तीन करोड़, 77 लाख, आठ हजार रुपये दिए थे।
नानकगंज ग्रंट से पिहानी मार्ग पर पोखरी तक मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के काम को कराया जा रहा है। शासन से तीसरी किस्त में दो करोड़, 40 लाख रुपये जारी किए जाने की जानकारी मिली है। काम कराया जा रहा है। बजट मिलने से काम और तेजी आ सकेगी। -एसके मिश्रा, अधिशासी अधिकारी, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड