हरदोई। शहर के मोहल्ला राधानगर में मंगलवार शाम राइस मिल के मुनीम ने घर में जहर खा लिया। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना में पत्नी से मामूली विवाद होने की बात सामने आ रही है।
राधानगर निवासी विजेंद्र (36) पुत्र दयाराम तीन भाइयों में बड़ा था। उसके परिवार में पत्नी माधुरी, पुत्र वैभव, सौरभ और बेटी आयुषी है। परिजनों ने बताया कि विजेंद्र नयागांव स्थित राइस मिल में मुनीम था। मंगलवार शाम उसने घर में जहर खा लिया। पत्नी ने उसे कमरे में बेहोश पड़े देखा। पत्नी के शोर मचाने पर परिजन मौके पर आ गए।
परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर देर रात तबीयत बिगडने पर उसने दम तोड़ दिया। परिजन मामूली बात पर पत्नी से कहासुनी होने के कारण जहर खाकर आत्महत्या करने की बात कह रहे हैं। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।