हरदोई। संभागीय खाद्य एवं विपणन अधिकारी (आरएमओ) लखनऊ ने गुरुवार को संडीला व हरदोई मंडी स्थित धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। खरीद की रफ्तार धीमी होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। कहा कि अधिक से अधिक किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ दिलाएं। क्रय केंद्र पर किसानों को परेशान किया गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।
संडीला मंडी स्थित धान क्रय केंद्र का निरीक्षण करने के बाद हरदोई मंडी पहुंचे आरएमओ प्रभाकांत द्विवेदी ने विपणन विभाग, पीसीएफ आदि केंद्रों का निरीक्षण कर बारदाने की उपलब्धता समेत तौल कांटा व नमी मापक यंत्र के बारे में जानकारी ली। तौल कांटों पर वजन करा उनकी क्रियाशीलता देखी। केंद्रों पर किसानों के बैठने व पानी आदि के समुचित इंतजाम करने के निर्देश दिए। आरएमओ ने कहा कि अधिक से अधिक किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। केंद्र प्रभारी भी किसानों से संपर्क कर उन्हें क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए प्रेरित करें। कहा कि केंद्र पर आने वाले किसानों से उचित व्यवहार किया जाए, अगर उनके द्वारा लाई गई उपज मानक विहीन है तो उन्हें इसका संतुष्ट कारण बताएं। इस मौके पर डिप्टी आरएमओ अनुराग पांडे, मंडी सचिव बबलू लाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।