हरदोई। अप रूट पर हावड़ा से अमृतसर जा रही ट्रेन संख्या 13049 हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस (पंजाब मेल डुप्लीकेट) शाम 6:25 बजे हरदोई स्टेशन पहुंची। हरदोई स्टेशन पर ट्रेन का इंजन फेल हो गया। काफी प्रयास के बाद भी जब इंजन काम नहीं किया तो चालक ने इसकी जानकारी स्टेशन अधीक्षक समेत अन्य अधिकारियों को दी। सूचना मिलने के बाद अधिकारियों ने ट्रैक नंबर एक पर आ रही ट्रेनों को ट्रैक नंबर दो से पास कराया। इधर सूचना मिलने के बाद टेक्रीकल स्टाफ मौके पर पहुंच गया और इंजन की जांच की। इंजन दुरुस्त न हो पाने पर हरदोई स्टेशन पर उपलब्ध दूसरे इंजन को शंटिंग करा ट्रेन से जोड़ा गया। रात लगभग 8.10 बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। इस दौरान यात्री खासे परेशान रहे। इस दौरान स्टेशन अधीक्षक राजीव आर्या व सीएमआई अम्बुज मिश्र द्वारा यात्रियों को सही जानकारी मुहैया कराई जाती रही।