हरपालपुर। कुइयां खेड़ा मजरा संझारा निवासी एक व्यक्ति ने गांव के ही छह लोगों पर पौत्र को बहला फुसलाकर उसके जरिए घर में रखी 35 लाख रुपये की रकम हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना क्षेत्र के ग्राम कुइयांखेड़ा मजरा संझारा गांव निवासी अवध बिहारी ने दी गई तहरीर में बताया कि लगभग आठ माह पूर्व उसने 35 लाख रुपये में अपनी भूमि बेची थी। रुपये उसके घर पर रखे थे। बताया कि उसके पौत्र सूरज को बहला फुसला कर गांव के ही सौरभ, सचिन, दिनेश कुमार, अशोक, अमित कुमार व अनिल ने धीरे-धीरे वह रुपये हड़प लिए।
बताया कि 28 अगस्त को खेत खरीदने के लिए उसने जब अलमारी में देखा तो रुपये गायब मिले। घर के अन्य सदस्यों से पूछताछ की तो सूरज ने पूरी बात बता दी। कोतवाल दीपक शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर सभी छह लोगों के खिलाफ युवक को बहला फुसलाकर रुपये हड़पने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।