पाली। भगवंतपुर में महिला का शव मंगलवार शाम फंदे पर लटकता मिलने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। महिला के पिता की तहरीर पर पति और सास समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
भगवंतपुर निवासी श्याम सच्चे की शादी पांच साल पहले लोनार कोतवाली क्षेत्र के उबरीखेड़ा निवासी प्रिया (22) के साथ हुई थी। मंगलवार शाम प्रिया का शव मकान की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में फंदे से लटकता मिला था।
प्रिया के पिता भगवान शरण भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पाली थाने में तहरीर दी। इसमें बताया कि शादी के दो साल बाद दामाद श्याम सच्चे, उनका बड़ा भाई पंकज, रामसच्चे और मां दहेज के लिए प्रिया को प्रताड़ित करने लगी।
आरोप है कि मंगलवार की दोपहर आरोपियों ने प्रिया को पीटकर फंदे से लटकाकर हत्या कर दी। थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार ने बताया कि पति और सास समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है।