हरदोई। बैंक के कैश काउंटर से बैंक मित्र के बैग से 50 हजार रुपये निकाल लिए गए। बुधवार दोपहर हुई टप्पेबाजी के बाद कैमरे खंगाले गए। इसमें दो महिलाएं बैग से रुपये निकालती दिख रही हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के सकतपुर मझरेता निवासी रिंंकू बैंक मित्र हैं। उनकी दुकान कोयल बाग की पहली गली के पास है। उनका खाता एमजी मार्ग स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में है। बुधवार की दोपहर में वह 2,81,800 रुपये जमा करने बैंक गए। रुपये एक बैग में थे।
वह बैंक के पांच नंबर कैश काउंटर पर लाइन में लग गए। रिंकू के मुताबिक लाइन में एक व्यक्ति आगे और पीछे दो महिलाएं लगी थीं। जब उसका नंबर आया। उसने रुपये बैग से निकालकर कैशियर को दिए। रुपये गिनने के बाद कैशियर ने 50 हजार रुपये कम होने की बात बताई।
उसने मैनेजर और पुलिस को सूचना दी। वहीं, बैंक में दो महिलाएं बैग की चेन खोलकर रुपये निकालते दिखी। पुलिस ने शहर के कैमरे देखे तो महिलाएं जिंदपीर चौराहा पर लगे कैमरे में नजर आईं हैं। कोतवाल संजय त्यागी ने बताया तहरीर मिली है। दोनों की तलाश की जा रही है।