कार्डियोलॉजी कक्ष में मरीज का ईको करते हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित शर्मा।
- फोटो : कार्डियोलॉजी कक्ष में मरीज का ईको करते हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित शर्मा।
हरदोई। हृदय रोगियों के लिए मेडिकल कॉलेज ने बहुत बड़ी राहत दी है। हृदय रोगियों की ईको कार्डियोग्राफी जांच अब जिले में ही हो जाएगी।
ईको कराने के लिए मरीजाें को दूसरे जिले और निजी संस्थानों में जाना पड़ रहा है, लेकिन अब जांच की सुविधा मेडिकल कॉलेज में ही होने से मरीज की दौड़ तो बची है, आर्थिक राहत भी मिली है। कार्डियोलॉजी विभाग में मशीन लगाकर ईको कार्डियोग्राफी जांच शुरू कर दी गई है।
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध चिकित्सालय में हृदय रोगियों को उपचार के बाद एक और बड़ी सौगात मिली है। गंभीर मरीजों की ईको जांच शनिवार से शुरू हो गई है। प्राचार्य डॉ. जेविन बिष्णु गोगोई ने बताया कि इको कार्डियोग्राफी जांच एक नॉन-इनवेसिव परीक्षण है, जो अल्ट्रासाउंड तरंगों के उपयोग कर हृदय संबंधित समस्याओं की पहचान और उपचार में सहायक होगा।
ईको से हृदय रोगों के शुरुआती लक्षणों का समय पर पता लग सकता है। जांच से हृदय की संरचना, आकार, हृदय के चारों कक्षों की माप, वाॅल्व व पंपिंग क्षमता का परीक्षण किया जा सकेगा और इलाज के निदान में सहयोग मिलेगा। इस महत्वपूर्ण सुविधा को शुरू करने के लिए लंबे समय से प्रयास हो रहा था। जिले के लोगों के लिए यह सुविधा मील का पत्थर है। मरीजों का परीक्षण हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित शर्मा व डॉ. आदित्य झींगरन करेंगे। मीडिया प्रभारी डॉ. शिवम यादव ने बताया कि मशीन से मरीजों का परीक्षण शुरू कर दिया गया।